पानीपत, 2 फरवरी (खब):

ज्ञान ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट ने आज विक्टर पब्लिक स्कूल, तहसील कैंप में गरीब व मेधावी छात्राओं के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया। इस परीक्षा में कक्षा चौथी से 8वीं तक की 500 छात्राओं ने भाग लिया।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष सतीश कुमार गाबा ने बताया कि ज्ञान ज्योति परिवार वर्ष 2018 से 5वीं से 12वीं तक पढ़ रही गरीब लड़कियों को 500 रुपये प्रतिमाह स्कॉलरशिप देता है। वर्तमान में 550 लड़कियां यह छात्रवृत्ति प्राप्त कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि पानीपत के अलावा इस लिखित परीक्षा का आयोजन आज ही ट्रस्ट की 2 अन्य ब्रांचों ग्रेटर नोएडा व भिवाड़ी (अलवर) में भी किया गया है।
आज बसंत पंचमी पर सरस्वती की पूजा की गई व बच्चों में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर शशि मित्तल, हरीश कालरा, ट्रस्टी व विक्टर स्कूल से विक्रम गांधी, श्रेष्ठा गांधी व परिवार के कई सदस्य उपस्थित थे.

