पानीपत भास्कर — 29-01-2025
ज्ञान ज्योति परिवार आगामी शैक्षणिक वर्ष के लिए कक्षा चौथी से 8वीं कक्षा में पढ़ रही मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति देने के लिए 2 फरवरी को तहसील कैंप स्थित विक्टर स्कूल में लिखित परीक्षा लेगा। करीब 500 छात्राएं भाग लेंगी। लिखित परीक्षा में पास होने वाली छात्राओं व उनके अभिभावकों का साक्षात्कार लिया जाएगा, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति के बारे में पता लगाया जा सके। चयनित छात्राओं को 500 रुपए मासिक छात्रवृत्ति मिलेगी।
मैनेजिंग ट्रस्टी आरके दीक्षित व कोषाध्यक्ष सतीश कुमार गोयल ने बताया कि पानीपत के अलावा ग्रेटर नोएडा व भिवानी में भी परीक्षा होगी। इस समय 550 लड़कियों को यह छात्रवृत्ति दी जा रही है। अगले साल इसे और बढ़ाया जाएगा। मौके पर कोमल गोयल, डॉ. मधु दीक्षित, राशि मित्तल, हरीश कालरा, सुरेंद्र गोयल व बिंदु भाटिया उपस्थित रहे।

